
देहरादून। अखिल भारतीय रोहिला क्षत्रिय विकास परिषद के संस्थापक डाॅ कर्णवीर रोहिला की जयंती 6 जून को तमाम रोहिला क्षत्रिय टपरी (सहारनपुर ) स्थित परिषद के मुख्यालय रोहिला आईटीआई में जुटेंगे । इस दिन परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा रोहिला क्षत्रिय युवा चेतना सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है ।अखिल भारतीय रोहिला क्षत्रिय विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ धर्म पाल सिंह रोहिला और महामंत्री मास्टर कुलदीप रोहिला के अनुसार सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में परिषद के सह संस्थापक, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और संरक्षक रामपाल सिंह रोहिला प्रतिभाग करेंगे।विशिष्ट अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व निदेशक डाॅ जय सिंह रोहिला और बीएड कालेज रादौर के निदेशक अरविंद कुमार रोहिला होंगे। सम्मेलन के दौरान विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर युवाओं के विचार सामने आएंगे। इस दौरान आईटीआई परिसर में एक नवनिर्मित हाॅल का लोकार्पण भी किया जाएगा। अध्यक्ष डाॅ धर्म पाल सिंह रोहिला के अनुसार सम्मेलन में परिषद की स्मारिका का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया जाएगा जिसके प्रकाशन के लिए परिषद की सम्पादकीय टीम महीनों से तैयारी कर रही है
खुद अध्यक्ष डाॅ धर्म पाल सिंह रोहिला स्मारिका के सम्पादन कार्य में लगे रहे। सम्मेलन के दौरान रोहिला क्षत्रिय समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा।
इसके साथ ही पूरी परिषद इस दिन आईटीआई परिसर में स्थापित संस्थापक डाॅ कर्णवीर रोहिला की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण करेगी। आपको बता दें कि अखिल भारतीय रोहिला क्षत्रिय विकास परिषद के गठन में तो डा कर्णवीर रोहिला की मुख्य भूमिका रही ही है साथ ही रोहिला आईटीआई की स्थापना कराने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
