पार्षद गैरोला और व्यापार मंडल अध्यक्ष बोले घबराने की जरूरत नहीं, अपनी दुकाने खोलकर रखें
देहरादून। एमडीडीए द्वारा रिहायशी इलाकों में दुकानें आदि व्यवसायिक गतिविधियों के संचालन के विरूद्ध सीलिंग के नोटिसों से घबराए लोगों ने यहां अजबपुर एमडीडीए कालोनी स्थित एक पार्क में बैठक की जिसमें क्षेत्रीय पार्षद देवेन्द्र गैरोला और व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने भाग लेकर आश्वासन दिया कि लोगों को अपनी दुकानें बंद करने की कोई आवश्यकता नहीं है और वे जल्द ही सरकार और अधिकारियों से मिलकर समस्या का समाधान खोजेंगे। बैठक में बुधवार की सुबह इकट्टा होकर क्षेत्रीय विधायक से मिलने का भी निर्णय हुआ।
आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले महिने ही रिहायशी इलाकों में व्यवसायिक गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए नगर निगम क्षेत्रों में इन्हें पहली बार मे ही सील किए जाने को कहा।

इसी के बाद पिछले एक सप्ताह से देहरादून में एमडीडीए द्वारा आवासीय क्षेत्रों में भवन स्वामियों को सीलिंग के नोटिस भेजे जा रहे है। इस बारे में हालांकि रायपुर क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा काऊ न केवल एमडीडीए अधिकारियों से मिलकर विरोध जता चुके है बल्कि उन्होंने कानून का हवाला देते हुए एमडीडीए सचिव को तीन पन्नों का एक पत्र भी लिखा है जिसमें विधायक काऊ ने एमडीडीए के नोटिसों को निरस्त होने योग्य बताना है किन्तु इसके बाद नोटिसों का सिलसिला थमा नहीं है। जिन लोगों को पहली बार में कारण बताओ नोटिस भेजे गये उन्हें एक दिन पहले 23 अक्टूबर को सीलिंग की कार्रवाई किए जाने नोटिस भेजे है जिससे लोगों में खलबली और घबराहट का महौल बना हुआ है। नोटिसों से घबराए सैंकडो लोगों ने आज इकट्ठा होकर एमडीडीए की कार्रवाई का विरोध किया और सीलिंग की कार्रवाई रूकवाने के लिए कदम उठाने पर चर्चा की।
बैठक में वार्ड नम्बर 58 के पार्षद देवेन्द्र गैरोला और दून वैली महानगर उद्योग व्यापार के अध्यक्ष पंकज मैसोन ने भी भाग लिया।
बैठक में दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और उन्हें व्यापार, कार्य बंद करना है।

उन्होंने कहा कि व्यापार के स्तर पर इस समस्या को सरकार के समक्ष जोरदार तरीके उठाया जाएगा और समाधान कराया जाएगा।
पार्षद देवेन्द्र गैरोला ने कहा कि क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा काऊ पूरे मामले में एमडीडीए अधिकारियों के सामने पक्ष रख चुके है और कल फिर सभी लोग मिलकर क्षेत्रीय विधायक से मिलकर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि वे खुद हर समय लोगों के साथ खडे है और समस्या का समाधान कराया जाएगा। बैठक में केदारपुरम एमडीडीए कालोनी और चंदर रोड डालनवाला एमडीडीए कालोनी के सैंकडों लोग मौजूद थे।
